इन्दौर (ईएमएस) कल रात हुए एक सनसनीखेज घटनाक्रम में किराना दुकान संचालित करने वाले युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। युवक ने करीब एक साल पहले ही प्रेम विवाह किया था और घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। संभवतः उससे बातचीत के बाद किसी बात से गुस्साएं अथवा दुःखी होकर उसने यह कदम उठाया ऐसी आंशका जताई जा रही है। घटना लसूडिया थाना क्षेत्र की है और सूचना के बाद पहुंची पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार नयन राय पिता राम सिंह राय उम्र बीस साल निवासी निरंजनपुर ने कल रात साढ़े नौ बजे के करीब अपने घर में फांसी लगा ली। वह अपनी किराने की दुकान से घर पहुंचा और उसके बाद यह कदम उठाया। उसके भाई मयंक ने उसे सबसे पहले फंदे पर लटका हुआ देखा तो उसने उसे उतारा तब तक उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि नयन ने करीब एक साल पहले इलाके में रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। जब वह घर पहुंचा, तब उसकी पत्नी मायके में थी। वहीं, माता-पिता एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। आशंका है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद नयन ने यह कदम उठाया। परिवार के बयान के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया है। - आनंद पुरोहित/ 05 अप्रैल 2026