क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। पश्चिम रेलवे के बेड़े में 15 डिब्बों वाली 2 नई लोकल ट्रेनें शामिल होने जा रही हैं। ये ट्रेनें आईसीएफ द्वारा तैयार की गई हैं। इनमें से एक ट्रेन पहले ही सेवा में शामिल हो चुकी है, जबकि दूसरी जल्द ही जोड़ी जाएगी। पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह ने जानकारी दी कि इन नई ट्रेनों के शामिल होने से अप्रैल महीने में 17 अतिरिक्त फेरे शुरू किए जाएंगे। इससे 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की कुल संख्या 227 से बढ़कर 244 हो जाएगी, जो मई तक 250 के पार पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फिलहाल 15 डिब्बों वाली धीमी लोकल ट्रेनें बांद्रा तक नहीं जा पाती हैं, क्योंकि अंधेरी-बांद्रा के बीच स्थित विले पार्ले, सांताक्रूज़, खार रोड और वांद्रे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म की लंबाई केवल 12 डिब्बों के लिए ही पर्याप्त है। इन स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार का काम शुरू कर दिया गया है। जैसे ही यह काम पूरा होगा, विरार से बांद्रा के बीच धीमी मार्ग पर 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें चलने लगेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 15 डिब्बों वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ने से सीधे 33 प्रतिशत तक यात्री क्षमता बढ़ती है। पहले से बढ़ाई गई सेवाओं के कारण करीब 45,000 अतिरिक्त यात्री रोजाना यात्रा कर रहे हैं, और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन ने भविष्य में और अधिक 15 डिब्बों वाली ट्रेनें शामिल करने के लिए रेलवे बोर्ड से अतिरिक्त रेक की मांग भी की है। - संजय/संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस