क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बनता जा रहा है। शनिवार के बाद अब नीलकंठ कॉलोनी में भी चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एक मकान से लाखों रुपए का सामान पार कर दिया। पीड़िता अर्चना दिनकर ने बताया कि चोर घर से कूलर, टीवी, फ्रिज, लैपटॉप, दो पंखे, जेवरात सहित करीब 35 हजार रुपए नगद ले गए। पीड़िता के अनुसार वारदात को अंजाम देने वाले करीब 8 से 10 लोग थे, जो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। फुटेज में साफ तौर पर संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और रहवासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को ही कैंट थाना क्षेत्र की भगत सिंह कॉलोनी में भी आधा दर्जन मकानों में सेंधमारी की बड़ी वारदात सामने आई थी। वहां भी चोरों ने एक घर से लाखों रुपए का सामान चोरी कर लिया था, जबकि अन्य घरों में सामान बिखेर दिया गया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से यह आशंका जताई जा रही है कि शहर में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश में टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। वहीं नागरिकों ने भी पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। - सीताराम नाटानी