गुना (ईएमएस)। शहर के घोसीपुरा इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां एक महिला को उसके ही पति द्वारा आग के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार घोसीपुरा निवासी दीपा रजक को लगभग 80 प्रतिशत तक झुलसी हालत में अस्पताल लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि घटना के समय उसका पति पवन रजक शराब के नशे में था और घर पहुंचने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी पर डीजल डालकर आग लगा दी। महिला के भाई ने बताया कि घटना से पहले दीपा का फोन आया था, जिसमें उसने मारपीट की बात कही थी। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पति अक्सर शराब पीकर घर आता था और किसी अन्य महिला से बातचीत को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होता रहता था। पहले भी वह दीपा के साथ मारपीट कर चुका था और करीब एक महीने पहले ही माफी मांगकर उसे वापस घर लाया था। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज भोपाल में जारी है। - सीताराम नाटानी