- चार माह के मासूम बेटे को ऑगन में छोड़कर कमरे में झूल गई फंदे पर - तीन साल पहले हुई थी शादी, मायके पक्ष ने लगाये दहेज प्रताड़ना के आरोप भोपाल(ईएमएस)। देहात इलाके के बैरसिया क्षेत्र में स्थित ग्राम आजमपुर में रहने वाली नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया गया है की शुक्रवार देर रात पति-पत्नि के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद गुस्साई नवविवाहिता ने अगली सुबह अपने चार माह के मासूम बेटे को आंगन में छोड़कर कमरे में जाकर अंदर फांसी लगा ली। सूचना मिलने पहुचीं पुलिस ने कारणो की जॉच शुरु कर दी है, मृतका के परिजनो ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मूलत: सीहोर जिले के ग्राम जमुनियाखुर्द की रहने वाली 22 वर्षीय भारती अहिरवार की शादी करीब तीन साल पहले बैरसिया निवासी देवेंद्र अहिरवार से हुई थी। शुक्रवार रात को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। अगली अलसुबह देवेंद्र किसी काम के चलते घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान भारती ने अपने मासूम बेटे को घर के बाहर आंगन में छोड़ा और टीन शेड के पाइप पर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बाद में करीब साढ़े आठ बजे जब उसका पति देवेंद्र वापस घर लौटा तो उसे दरवाजा अंदर से बंद मिला और बच्चा बाहर ऑगन में था। भीतर झांकने पर उसे पत्नी का शव फंदे पर लटका नजर आया। सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने घटनास्थल की जॉच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेज दिया। पुलिस का कहना है की घटनास्थल से ऐसा कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या का कारण साफ हो सके। हालांकि शुरुआती पूछताछ में पति ने शुक्रवार रात मायके जाने की बात लेकर दोनों के बीच विवाद होने क बात बताई है। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष ने पति पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाये है। फिलहाल पुलिस कारणो की छानबीन में जुटी है, जॉच पूरी होने पर उसके आधार पर ही आगे की कार्यवाही की दिशा तय की जायेगी। जुनेद / 5 अप्रैल