क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर रेंज में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत 4 एवं 5 अप्रैल को पांच जिलों बलौदाबाजार-भाटापारा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और रायपुर ग्रामीण में व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान आबकारी, नारकोटिक्स, आर्म्स एक्ट, वारंट तामील और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सघन कार्यवाही की गई। अभियान में कुल 95 टीमों ने 384 स्थानों पर रेड, दबिश और चेकिंग की। इस दौरान अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, हथियार रखने वाले आरोपियों और फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी एक्ट के तहत 126 प्रकरणों में 126 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई, नारकोटिक्स एक्ट के तहत 22 प्रकरण, 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ व 60 टेबलेट जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत 6 प्रकरण, 2 पिस्टल बरामद, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 174 मामले, वारंट तामील के तहत 46 और अन्य अपराध के तहत 4 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के अंतर्गत आबकारी एक्ट के विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज कर 173.276 लीटर शराब जब्त की गई। नारकोटिक्स के 13 मामलों में 5.673 किलो मादक पदार्थ व 60 टेबलेट बरामद किए गए। साथ ही 1 आर्म्स एक्ट प्रकरण और कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं। गरियाबंद जिले के अंतर्गत 27 टीमों ने 119 रेड कर 158.180 बल्क लीटर शराब जब्त की। 26 आबकारी प्रकरणों के अलावा कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और 2 स्थायी वारंट तामील किए गए। धमतरी जिले के अंतर्गत 30 टीमों ने 150 स्थानों पर दबिश देकर 113.96 लीटर शराब जब्त की। नारकोटिक्स के 4 मामलों में 3972 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। 1 आर्म्स एक्ट प्रकरण सहित कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। महासमुंद जिले के अंतर्गत 38 टीमों द्वारा 115 स्थानों पर कार्रवाई कर 357.020 लीटर शराब और 10.500 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया। 1 आर्म्स एक्ट प्रकरण और 20 वारंट तामील किए गए। रायपुर ग्रामीण जिले के अंतर्गत आबकारी के 16 प्रकरणों में 597 पौवा शराब जब्त की गई। 3 आर्म्स एक्ट और 3 नारकोटिक्स मामलों में 1.800 किलो गांजा बरामद किया गया। 17 वारंट तामील किए गए। इस अभियान में पुलिस ने 802.436 लीटर से अधिक शराब, 21.945 किलोग्राम मादक पदार्थ, 2 पिस्टल जब्त किए गए। साथ ही सट्टा/जुआ एक्ट के तहत भी कार्रवाई कर नकदी जब्त की गई। सुधीर जैन/चंद्राकर/5 अप्रैल 2026