फिरोजाबाद(ईएमएस) जनपद के थाना एका क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तरजनपदीय भैंस चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में थाना एका पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 3 बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान सलीम उर्फ धूमी, कल्लू उर्फ करुआ और जुम्मन खां के पैर में गोली लगी, जबकि शहजाद, अफसर, फैजल और राहुल को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी भैंस चोरी की वारदातों में लिप्त बताए जा रहे हैं। घटना का खुलासा ऐसे हुआ 3 अप्रैल 2026 को थाना एका में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर के बाहर बंधी भैंस को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। गिरोह की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। मुठभेड़ का घटनाक्रम 5 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस नगला धारू और झालगोपालपुर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मैक्स पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन सवार बदमाश भागने लगे। हड़बड़ी में गाड़ी कच्चे रास्ते में फंस गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसमें 3 बदमाश घायल हो गए। बरामदगी पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 अवैध तमंचे, 6 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, 14 हजार रुपये, एक भैंस, एक बछड़ा (लवारा) और घटना में प्रयुक्त मैक्स पिकअप बरामद की है। गिरोह का तरीका पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह रात के समय ग्रामीण क्षेत्रों में भैंस चोरी करता था और उन्हें पिकअप में ले जाकर कट्टी घरों में बेच देता था। इसके बाद पैसे आपस में बांट लेते थे। आपराधिक इतिहास मुख्य आरोपी जुम्मन खां पर दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सलीम और कल्लू पर करीब एक-एक दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं। घायल अभियुक्तों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस