रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक द्वारा अपने रिश्ते के जीजा पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया सुमित्रा दीप (30 वर्ष), निवासी कलिंग नगर गुढ़ियारी ने 4 अप्रैल 2026 को थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति रवि दीप अपने परिचित गौरव सोना के साथ गंजपारा स्थित देशी शराब दुकान के पास थे। इसी दौरान आरोपी बाबू मराठी (रिश्ते में साला) अपने साथी आयुष गुप्ता के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि लगभग एक माह पूर्व रवि दीप द्वारा आरोपी की मां के साथ मारपीट की घटना हुई थी, जिससे आरोपी आक्रोशित था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ते हुए झगड़े में बदल गई। विवाद के दौरान आरोपी बाबू मराठी द्वारा अपने पास रखी कैंची से रवि दीप पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनके सीने एवं जांघ में चोट आई। मौके पर उपस्थित गौरव सोना द्वारा बीच-बचाव किया गया तथा घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना गंज में धारा 296, 115(2), 351(2), 109(3)(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाबू मराठी एवं आयुष गुप्ता को गिरफ्तार कर कार्यवाही की जा जारी है । सत्यप्रकाश /चंद्राकर/5 अप्रैल 2026