क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के गंज थाना पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू रखने और बिक्री करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित जीपीएस जनरल स्टोर्स में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकानदार हर्षील जैन 42 वर्ष, पिता मीतलाल जैन, निवासी रमन मंदिर वार्ड, फाफाडीह, थाना गंज से 8 नग स्टील के धारदार बटनदार चाकू बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने न तो चाकू किसे बेचे गए, इसका संतोषजनक जवाब दिया और न ही कोई बिक्री रजिस्टर या दस्तावेज प्रस्तुत किया। इसके अलावा, न तो स्टॉक रजिस्टर था और न ही खरीद से संबंधित बिल, दस्तावेज या लाइसेंस उपलब्ध कराया गया। पुलिस द्वारा चाकू खरीदने के स्रोत के संबंध में सप्लायर और कूरियर माध्यमों की जानकारी जुटाकर अग्रिम जांच जारी रखी गई है। बरामद चाकुओं को विधिवत जप्त किया गया और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में जांच अभी जारी है। सत्यप्रकाश /चंद्राकर/5 अप्रैल 2026