क्षेत्रीय
05-Apr-2026


हे पिता इन्हें क्षमा कर क्योंकि ये नहीं जानते कि यह क्या करते हैं। - प्रभु ईसा मसीह धार (ईएमएस)। स्थानीय प्रेसबिटेरियन ईसाई समाज में गुड फ्राइडे पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम स्वर्गीय श्री सुनील डेविड कुरिया के निधन पर दो मिनट का मौन रख उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।मॉडरेटर रेव्हरेण्ड सुभाष डेविड कुरिया की अध्यक्षता में ईसा मसीह द्वारा क्रूस पर से कही गई सात क्रूसवाणियों पर चिंतन मनन किया गया। मॉडरेटर रेव्हरेण्ड कुरिया ने कहा कि ईसा मसीह का क्रूस पर बलिदान परमेश्वर की उद्धार योजना अंतर्गत मानव जाति को पापों से क्षमा प्रदान कर परमेश्वर से मिलाप कराता है।पास्टर प्रीतेश निकल्स द्वारा तू आज ही मेरे साथ स्वर्ग लोक में होगा वाणी की व्याख्या की गई। श्रीमती मर्सी स्टेला चंद ने हे नारी देख यह तेरा पुत्र और यह तेरी माता है वाणी पर चिंतन मनन किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राजू फ्रांसिस, महिला सभा अध्यक्ष सिस्टर विमला मसीह, कार्यक्रम संयोजक श्रीमती हंसारानी डेविड, श्रीमती दीपा निकल्स, युवा सभा अध्यक्ष उत्कर्ष डेविड द्वारा बाइबल पाठ किया गया। श्रीमती सेरा स्वरूप फ्रांसिस,श्रीमती नम्रता डामोर, श्रीमती शलाका हिवाले डेविड द्वारा संयुक्त रूप से भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दी गई। बाल कलाकार सामर्थ निकल्स प्रेरणा निकल्स और इथन डेविड कुरिया द्वारा भी सहभागिता की गई। उपवास काल(लैंट डेज़) के पश्चात क्रिश्चियन कैलेंडर अनुसार ईसा मसीह के जीवन के अंतिम सप्ताह दुख भोग सप्ताह (पेशन वीक) में पाम संडे आराधना, घर-घर प्रार्थना सभा,अंतिम प्रभु भोज आराधना का आयोजन आनंद नगर कुष्ठ धाम, मिशन कंपाउंड तथा मॉडरेटर निवास पर श्रद्धापूर्वक किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में समाज जनों ने भाग लिया। रविवार को पुनरुत्थान पर्व (ईस्टर सण्डे) मनाया जाएगा। जिसमें आनंद नगर और सीता पाठ ईसाई कब्रिस्तानों पर सूर्योदय के समय प्रार्थना सभा का संचालन किया जाएगा। उसके बाद ईस्टर संडे की आराधना और ईस्टर मिलन समारोह आयोजित होगा। इस कार्यक्रम का संचालन पास्टर प्रीतेश निकल्स द्वारा किया गया और आभार वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री राजू फ्रांसिस द्वारा माना गया। ईएमएस / 05/04/2026