क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में जिला में 73 स्थानों पर छापेमारी किया। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार शराब तस्कर और नौ शराब का सेवन करने वाले शामिल हैं। छापेमारी के दौरान टीम ने शराब तस्करों से 60 लीटर देसी शराब जब्त किया। इसके अतिरिक्त शराब तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक वाहन भी जब्त किया गया। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया गया। राजनगर थाना क्षेत्र के गोसाई टोल और पिलखवार इलाकों में ड्रोन टीम की मदद से निगरानी की गई। ड्रोन के माध्यम से अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगभग 495 किलोग्राम अर्धनिर्मित शराब के घोल को जब्त कर मौके पर ही नष्ट किया गया। ताकि इसका उपयोग शराब बनाने में न हो सके। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें शनिवार शाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। - कार्तिक कुमार/संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस