क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) | ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने रविवार को भी जनसंवाद कर स्थानीय बस्तियों की समस्यायें जानीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यक्रम के तहत समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड क्रमांक-5 स्थित अपनाघर कॉलोनी से जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान मंत्री श्री तोमर ने द्वार-द्वार जाकर क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अपर आयुक्त श्री प्रदीप तोमर सहित निगम, विद्युत एवं प्रशासन के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नगरीकरण उपस्थित रहे। जनसंवाद के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मंत्री श्री तोमर को सीवर, सड़क और स्ट्रीट लाइट से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री श्री तोमर ने संबंधित अधिकारियों को आगाह किया कि साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपनाघर कॉलोनी से शुरू हुआ मंत्री श्री तोमर का भ्रमण कार्यक्रम दामोदर बाग कॉलोनी तक चला। इस दौरान आनंद नगर क्षेत्र में महिलाओं ने साफ-सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।