05-Apr-2026


‎- ‎बाबू जगजीवन राम ने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया- संजय सरावगी ‎- ‎बाबू जगजीवन राम का जीवन साहस और अटूट संकल्प की प्रेरणा देता है- संजय सरावगी - जगजीवन बाबू सामाजिक समरसता के प्रखर अग्रदूत- संजय सरावगी पटना, (ईएमएस)। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने रविवार को स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व उप मुख्यमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती पर उन्हें याद किया और उन्हें श्रद्धान्जलि अर्पित की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस मौके पर कहा कि जगजीवन बाबू सामाजिक समरसता के प्रखर अग्रदूत रहे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचितों के उत्थान और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने में समर्पित कर दिया। ‎उन्होंने कहा कि एक कुशल प्रशासक और ओजस्वी वक्ता के रूप में उनका व्यक्तित्व हम सभी के लिए प्रेरणापुंज है। उनके काम की वजह से लोग प्यार से उन्हें बाबूजी कहते थे। वे एक ऐसे नेता थे जो पूरा जीवन समाज में समानता और न्याय फैलाने के लिए कार्य करते रहे। उनकी प्रशासनिक क्षमता और राजनीतिक कौशल का लोहा घुर विरोधी भी मानते थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज की कुरीतियों को दूर करने और लोगों को समानता का अधिकार दिलाने में बीता दिया। ‎भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन साहस और अटूट संकल्प की प्रेरणा देता है। कृषि मंत्री के रूप में कार्य करते हुए बाबू जगजीवन राम ने किसानों को लेकर कई उल्लेखनीय कार्य किए थे। ‎अपने पूरे राजनीतिक जीवन में जगजीवन राम ने रक्षा मंत्री, खाद्य और कृषि मंत्री, श्रम मंत्री और समाज कल्याण मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाले। इन भूमिकाओं में उनके प्रभावशाली नेतृत्व ने भारतीय राजनीति पर अमिट छाप छोड़ी। ‎उनका जीवन गरीब और पिछड़े समुदायों के लिए लड़ते हुए समाज में बदलाव लाने की मिसाल है। संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस