05-Apr-2026
...


:: विधानसभा परिसर में आयोजित हुआ गरिमामय कार्यक्रम; अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित परिजन रहे उपस्थित :: भोपाल/इन्दौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष स्व. यज्ञदत्त शर्मा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया। विधानसभा परिसर में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्व. शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस गरिमामय अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और स्व. शर्मा के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. यज्ञदत्त शर्मा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनकल्याण के दायित्वों का अत्यंत सफलतापूर्वक निर्वहन किया। मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि स्व. शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को सदैव अक्षुण्ण बनाए रखा। उनके कार्यकाल को संसदीय परंपराओं के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए सदैव याद किया जाएगा। पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. यज्ञदत्त शर्मा ने अपने सुदीर्घ राजनीतिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया। वे सिद्धांतों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे, जिन्होंने भावी पीढ़ी के जनप्रतिनिधियों के लिए एक मानक स्थापित किया। इस अवसर पर उपस्थित अन्य गणमान्य नागरिकों और विधानसभा के अधिकारियों ने भी पूर्व अध्यक्ष के संसदीय कौशल और सौम्य व्यवहार को याद करते हुए अपनी श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। प्रकाश/5 अप्रैल 2025