रांची(ईएमएस)।प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व असम विधानसभा चुनाव के पर्यवेक्षक बंधु तिर्की ने पार्टी के आला नेता व लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ प्रचार किया। वह श्री गांधी के साथ तीन विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस नेता श्री गांधी ने चुनाव पर्यवेक्षक श्री तिर्की से चुनावी फीडबैक लिया। विश्वनाथ विधानसभा में चुनावी सभा कर राज्य की हिमंता विश्वा सरमा सरकार को घेरा। नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचारी सरकार चलाने के मामले में नया रिकार्ड बनाने वाले हिमंता को माफी नहीं कार्रवाई होगी। कानून अपना काम करेगा और असम में कांग्रेस सरकार बनते ही एक नये असम का निर्माण होगा। कांग्रेस पार्टी की पांच गारंटी वायदा नहीं है बल्कि यह असम के सभी लोगों के लिए जमीन पर उतारा जायेगा।इसे पूरा कर दिखाया जायेगा। सभा में कांग्रेस नेताओं ने वादा किया कि असम में कांग्रेस सरकार बनते ही टी ट्राइब्स को एसटी का दर्जा मिलेगा।इसके साथ ही असम के बेटे और असम के लोगों के दिलों की धड़कन स्व जुबिन गर्ग को कांग्रेस सरकार न्याय दिलायेगी उन्होंने कहा कि असम के लोगों को उनका हक और अधिकार जरूर मिलेगा।हजारों की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि असम चुनाव में जनादेश कांग्रेस के पक्ष में आना सुनिश्चित है। कर्मवीर सिंह/05अप्रैल/26