राज्य
05-Apr-2026
...


:: संतोष दूधी को भंवरकुआं, हित गोपाल यादव को अन्नपूर्णा और पी.एल. शर्मा को सदर बाजार थाने की मिली कमान :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर पुलिस विभाग में रविवार को थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह के निर्देश पर डीसीपी मुख्यालय प्रकाश परिहार ने 6 निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में शहर के तीन प्रमुख थानों - भंवरकुआं, अन्नपूर्णा और सदर बाजार को नए प्रभारी मिले हैं। यह कार्रवाई पुलिसिंग को बेहतर बनाने और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। आदेश के अनुसार, संतोष दूधी को छात्र बहुल और संवेदनशील इलाके भंवरकुआं थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इसी तरह, हित गोपाल यादव को अन्नपूर्णा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पिछले कुछ समय से नई पदस्थापना का इंतजार कर रहे पी.एल. शर्मा को सदर बाजार थाने का टीआई नियुक्त किया गया है। इन तीनों अधिकारियों को तत्काल अपना नया कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल में तीन थाना प्रभारियों पर गाज भी गिरी है। अन्नपूर्णा से अजय नायर, भंवरकुआं से राजकुमार यादव और सदर बाजार से यशवंत बडोले को उनके थानों से हटाकर अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इन अधिकारियों के कामकाज और जनता से कम संवाद को लेकर वरिष्ठ अधिकारी नाराज थे। इन तीनों को मैदानी जिम्मेदारी से हटाना विभाग में एक कड़ा संदेश माना जा रहा है। :: तबादला सूची :: ------------------------------------------------------------------ अधिकारी का नाम कहाँ थे नई जिम्मेदारी ------------------------------------------------------------------ संतोष दूधी रक्षित केंद्र थाना भंवरकुआं हित गोपाल यादव रक्षित केंद्र थाना अन्नपूर्णा पी.एल. शर्मा अपराध शाखा थाना सदर बाजार अजय नायर थाना अन्नपूर्णा अपराध शाखा राजकुमार यादव थाना भंवरकुआं अपराध शाखा यशवंत बडोले थाना सदर बाजार अपराध शाखा ------------------------------------------------------------------ प्रकाश/5 अप्रैल 2025