राज्य
05-Apr-2026
...


:: धार के अमर शहीद रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का अनावरण; राज्यपाल ने वीर सपूत की वीरता को किया नमन :: धार/इन्दौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रविवार को धार जिले के गौरव, अमर शहीद नायब सूबेदार रवींद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया। शहीद की वीरता को नमन करते हुए राज्यपाल ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले सपूतों की स्मृति को चिरस्थाई बनाने की यह पहल अनुकरणीय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहीद की गाथा आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रभक्ति का संचार करेगी। नगर परिषद द्वारा बदनावर की माथुर कॉलोनी स्थित नवनिर्मित शहीद पार्क में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल ने शहीद की पत्नी प्रताप कंवर और उनके परिजनों का आत्मीय सम्मान किया। इस भावुक क्षण में पूरा परिसर भारत माता की जय और शहीद रवींद्र सिंह अमर रहें के नारों से गुंजायमान हो उठा। राज्यपाल ने शहीद परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि एक सैनिक का बलिदान पूरे राष्ट्र का ऋण होता है। :: तीन प्रयासों के बाद सेना में हुए थे भर्ती :: शहीद रवींद्र सिंह के जीवन संघर्ष को याद करते हुए राज्यपाल पटेल ने बताया कि ग्राम पाना के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे रवींद्र सिंह में देश सेवा का जुनून अद्वितीय था। उन्होंने सेना में भर्ती होने के लिए लगातार तीन बार प्रयास किए और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर भारतीय सेना का हिस्सा बने। 9 जुलाई 2001 को जम्मू की सुरनकोट तहसील के जंगलों में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए उन्होंने अदम्य साहस का परिचय दिया और वीरगति प्राप्त की। राज्यपाल ने कहा कि उनका यह सर्वोच्च बलिदान धार जिले सहित पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। :: पर्यावरण संरक्षण का संदेश और गणमान्यों की उपस्थिति :: कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने शहीद पार्क परिसर में पौध-रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस भव्य समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक नीना वर्मा, पूर्व मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, और नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। बदनावर में नवनिर्मित यह शहीद पार्क अब क्षेत्र के युवाओं के लिए राष्ट्र सेवा की प्रेरणा का केंद्र बनेगा। प्रकाश/5 अप्रैल 2025