राज्य
05-Apr-2026
...


:: बदनावर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का संबोधन: सिकल सेल एनीमिया के विरुद्ध जन-आंदोलन खड़ा करने का आह्वान :: धार/इन्दौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने रविवार को धार जिले के बदनावर प्रवास के दौरान सिकल सेल एनीमिया के समूल उन्मूलन हेतु समाज के हर वर्ग की सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र को आत्मसात कर ही इस आनुवंशिक बीमारी से समाज को मुक्त किया जा सकता है। राज्यपाल ने बदनावर के सिविल अस्पताल के नवीन भवन का आभासी (वर्चुअल) लोकार्पण करने के पश्चात आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर को संबोधित करते हुए इस मिशन को एक प्रभावी जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। राज्यपाल पटेल ने मरीजों और परिजनों को सचेत करते हुए कहा कि सिकल सेल के उपचार को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारियों का शिकार न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पंजीकृत चिकित्सकों के परामर्श पर ही नियमित दवाइयों का सेवन करें। राज्यपाल ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 31 लाख से अधिक जांचें पूर्ण की जा चुकी हैं। जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता के लिए सिकल सेल मित्र तैयार किए जा रहे हैं, जो स्वास्थ्य सेवाओं और समाज के बीच सेतु का कार्य करेंगे। मरीजों की सुविधा के लिए अब डिजिटल कार्ड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। :: रेडक्रॉस और अरबिंदो संस्थान के बीच महत्वपूर्ण अनुबंध :: स्वास्थ्य सेवाओं को सुदूर अंचलों तक पहुँचाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए जिला रेडक्रॉस सोसायटी, धार और अरविंदो आयुर्विज्ञान संस्थान, इन्दौर के मध्य एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अनुबंध के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड में प्रति तीन माह में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वृहद स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्यपाल ने संकल्प से समाधान अभियान के समापन पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और शासकीय विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। :: नवाचारों से सशक्त होती स्वास्थ्य सेवाएं :: समारोह में राज्यपाल को वर्ष 2025-26 के दौरान रेडक्रॉस द्वारा किए गए नवाचारों, जैसे सिकल सेल जागरूकता रैली, सीपीआर प्रशिक्षण और पोषण कार्यशालाओं से अवगत कराया गया। मेगा शिविर के दौरान विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 688 मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेढ़ा, नगर पालिका अध्यक्ष मीना शेखर यादव और पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/5 अप्रैल 2025