राज्य
05-Apr-2026


मुंबई, (ईएमएस)। मंत्रालय मुंबई में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कुछ दिन पहले ही एक मंत्री के निजी सहायक को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया था, और अब मंत्रालय के ही एक अन्य अधिकारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रंगेहाथ पकड़ लिया है। यह कार्रवाई नवी मुंबई से सटे पनवेल के खारघर इलाके में की गई, जहां एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अधिकारी की पहचान विलास लाड के रूप में हुई है, जो अर्थ व नियोजन विभाग में कक्ष अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। एसीबी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने ग्राम विकास विभाग से संबंधित निधि मंजूर कराने के लिए कुल 6 लाख 37 हजार रुपये की भारी रिश्वत मांगी थी। तय रकम लेते समय एसीबी ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है। खास बात यह है कि इतनी बड़ी रकम, जो आम आदमी की साल भर की कमाई के बराबर भी नहीं होती, वह अधिकारी एक ही दिन में रिश्वत के तौर पर ले रहा था। गौरतलब है कि मार्च महीने में भी एसीबी ने कई बड़ी कार्रवाइयां की थीं। उस समय यह चर्चा थी कि वित्तीय वर्ष के अंत (मार्च एंड) के कारण ऐसे मामलों में तेजी आई है। लेकिन अब अप्रैल के पहले ही सप्ताह में फिर से मंत्रालय में कार्रवाई होने से यह स्पष्ट हो गया है कि एसीबी भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इस कार्रवाई के बाद मंत्रालय और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। साथ ही, आम जनता के शोषण और सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा एक बार फिर केंद्र में आ गया है। ‎संजय/संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस