खगड़िया, (ईएमएस)। बिहार के खगड़िया में गोली मारकर एक महिला को जख्मी करने के मामले में दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है, जहां आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, जख्मी महिला के पुत्र के लिखित आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 48/28 दर्ज कर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष आपस में गोतिया-दियाद (रिश्तेदार) हैं और घटना का मुख्य कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस