मुजफ्फरपुर, (ईएमएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हुए चर्चित हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस की त्वरित और प्रभावी जांच का परिणाम मानी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 अप्रैल को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकेशर पंडित की अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिजनों में शोक का माहौल था। मृतक के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर मोतीपुर थाना में कांड संख्या 127/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया और जांच शुरू की। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में संलिप्त दो आरोपियों मुन्ना पंडित और महेश पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस