क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


गोंदिया रेलवे स्टेशन पर तीसरी रेलवे लाइन सहित होंगे अन्य कार्य 23 अप्रैल से 6 मई तक रहेगा असर ट्रेनों के रूट और समय में भी हुआ बदलाव शादी सीजन में सफर बना चुनौती बालाघाट (ईएमएस). रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए इस समय मुश्किलों का दौर चल रहा है। गोंदिया रेलवे स्टेशन पर तीसरी रेलवे लाइन और अन्य निर्माण कार्यों के चलते बालाघाट रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव कर दिया गया है। इस निर्णय का सीधा असर हजारों यात्रियों पर पड़ रहा है, जिन्हें अब असुविधा और अनिश्चितता के बीच सफर करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार रेलवे प्रशासन द्वारा 23 अप्रैल से 6 मई तक गोंदिया स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसके चलते रेलवे ने एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट और डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोंदिया स्टेशन पर तीसरी लाइन निर्माण, रेलवे ओवरब्रिज और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए यह कदम उठाया गया है। रेलवे प्रबंधन के अनुसार रेलवे मंडल से मिले निर्देशों के अनुसार एक ट्रेन को रद्द किया गया है, जबकि अन्य के समय और मार्ग में परिवर्तन किया गया है। ये ट्रेनें होंगी प्रभावित इस दौरान काशी तमिल समागम एक्सप्रेस, जबलपुर-गोंदिया, गढ़ा-गोंदिया, रीवा-ईतवारी जैसी प्रमुख ट्रेनों के साथ-साथ गोंदिया-कटंगी और गोंदिया-तिरोड़ी जैसी लोकल ट्रेनों के संचालन पर भी प्रभाव पड़ा है। कई ट्रेनें अब गोंदिया स्टेशन तक नहीं पहुंचेंगी, बल्कि वैकल्पिक मार्गों से संचालित की जा रही हैं। यात्रियों की बढ़ी परेशानी इस बदलाव का सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि बालाघाट जंक्शन पर ट्रेनें पहले ही अनियमित समय पर चल रही हैं, और अब रूट बदलने से स्थिति और बिगड़ गई है। शादी-विवाह के सीजन और भीषण गर्मी के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार लेटलतीफी और रूट परिवर्तन से यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कई यात्रियों को बिना सूचना के ट्रेन रद्द या डायवर्ट होने की जानकारी मिल रही है। घंटों स्टेशन पर इंतजार के बाद भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। सुविधाओं पर उठ रहे सवाल गोंदिया स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य भविष्य में रेल सुविधाओं को बेहतर बनाएंगे, लेकिन फिलहाल यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरी है कि रेलवे प्रशासन पारदर्शिता और बेहतर प्रबंधन के साथ यात्रियों को राहत पहुंचाने के प्रयास करें। गोंदिया-कटंगी डेमू रद्द रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 78805 गोंदिया - कटंगी व 78806 कटंगी-गोंदिया डेमू पैसेंजर को 5 से 25 अप्रैल तक रद्द कर दिया गया है। इस ट्रेन के रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन के रद्द होने से यात्रियों को बसों का महंगा सफर करना पड़ रहा है। इन मांगों पर किया जाए विचार इस स्थिति को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से कुछ महत्वपूर्ण मांगें और सुझाव रखे हैं। ट्रेनों के रूट और समय में बदलाव की पूर्व सूचना व्यापक रूप से दी जाए, स्टेशन पर हेल्प डेस्क और अनाउंसमेंट सिस्टम को मजबूत किया जाए, ऑनलाइन और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर रीयल टाइम अपडेट सुनिश्चित किए जाएं, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की जाए। ताकि स्टेशनों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। भानेश साकुरे / 05 अप्रैल 2026