क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


ओडिशा से गुजरात तक फैला है गांजा तस्करी का रैकेट आरोपियों से 21 किलो से ज्यादा गांजा जब्त रामपायली थाना पुलिस ने की कार्यवाही बालाघाट (ईएमएस). जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की रामपायली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। ओडिशा से गुजरात तक फैले इस संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 21 किलो से अधिक अवैध गांजा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्करी में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त किया है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को 13 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर लिया है। वारासिवनी एसडीओपी अभिषेक चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचनाएं मिल रही थी। 5 अप्रैल को रामपायली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कार्यवाही करते हुए लंबे समय से सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क को तोडऩे में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 21 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद किया है, जो ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश और गुजरात सहित अन्य राज्यों में सप्लाई किया जा रहा था। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो आरोपी ओडिशा के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं। बालाघाट पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अंतरराज्यीय स्तर पर फैले इस नेटवर्क के टूटने से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है। संगठित गिरोह के रुप में करते हैं कार्य गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वे संगठित गिरोह के माध्यम से गांजा लाकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और कडिय़ों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से लगातार पूछताछ कर गांजा सप्लाई के स्रोत और गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन्हें किया गिरफ्तार इस मामले में पुलिस ने मुन्ना पिता बुधराम बर्वे 54 वर्ष भटेरा रोड थाना कोतवाली बालाघाट और ओडिशा राज्य के मिकेंद्र उर्फ मुकेश पिता सुधीर देव 28 वर्ष जिला गजाम व दिलीप पिता गोलेख सुना 32 वर्ष जिला बोलांगीर शामिल है। एसडीओपी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस गांजा तस्करी का मुख्य आरोपी मिकेंद्र है, जो ओडिशा से गांजा लाकर सप्लाई करता था। इन तीनों ही आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 13 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि में उनसे बालाघाट के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी। लिंगमारा रोड पर की गई कार्यवाही रामपायली थाना प्रभारी दिलीप मौर्य के अनुसार 5 अप्रैल को लिंगमारा रोड पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सुबह के वक्त एक बाइक में सवार तीनों लोग आ रहे थे, जिनके पास से गांजा जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ रामपायली थाना में धारा 8/20, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है। भानेश साकुरे / 05 अप्रैल 2026