क्षेत्रीय
05-Apr-2026
...


लिंगा के पास मजार के सामने हुआ हादसा, दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर बालाघाट (ईएमएस). जिले के हट्टा रोड पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में हट्टा थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रवन सिंह उइके सहित दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगा गांव के आगे मजार के पास दोपहर करीब 1 बजे यह हादसा हुआ। दुर्घटना में सहायक उप निरीक्षक रवन सिंह उइके (51) और राहुल पिता जयचंद राहंगडाले (25) निवासी लोहारा घायल हो गए। बताया गया है कि रवन सिंह उइके शासकीय कार्य से मोटरसाइकिल द्वारा हट्टा से बालाघाट की ओर आ रहे थे, वहीं राहुल राहंगडाले अपने निजी कार्य से लिंगा से लौटकर अपने गांव लोहारा जा रहा था। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस हादसे में राहुल राहंगडाले की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि सहायक उप निरीक्षक को भी चोटें आई हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सडक़ सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर कर दिया है। भानेश साकुरे / 05 अप्रैल 2026