खनिज विभाग और पुलिस ने की संयुक्त कार्रवाई नदियों से कर रहे थे अवैध उत्खनन बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। किरनापुर और लांजी क्षेत्र में खनिज विभाग, पुलिस और होमगार्ड की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त की हैं। इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हडक़ंप मच गया है। उप संचालक खनिज फरहत जहां के अनुसार सभी मामलों में मध्य प्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आगे की जांच जारी है। लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से साफ है कि प्रशासन अब अवैध खनन पर पूरी तरह शिकंजा कसने के मूड में है। हालांकि, सवाल यह भी है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया आखिर कैसे सक्रिय बने हुए हैं। सोन, बाघ नदी में दी दबिश खनिज विभाग की टीम ने थाना पुलिस के साथ मिलकर हिर्री और मुंडेसरा क्षेत्र की नदियों में आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सोन नदी और बाघ नदी में अवैध रूप से रेत उत्खनन एवं परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी गईं। एक बिना नंबर का ट्रैक्टर चालक आशीष बिरनवार निवासी हिर्री और दूसरा ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 जेडबी 4552 चालक शुभम यादव निवासी किरनापुर का पाया गया। दोनों वाहनों को जब्त कर थाना किरनापुर में रखा गया है। लांजी में तडक़े छापेमारी, तीन ट्रैक्टर पकड़े वहीं पौनी स्थित सर्रा नदी में खनिज विभाग ने सुबह 4 बजे छापामार कार्रवाई की। यहां अवैध उत्खनन करते हुए तीन ट्रैक्टरों को मौके से जब्त किया गया। जब्त वाहनों में ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 एए1604 चालक शिवा पिता संतोष बागड़े निवासी लांजी, ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50 जेडई 8388 चालक सुरेश पिता सदाराम नेवारे और ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 50जेडडी 7282 चालक नीलेश पिता बाबूलाल कड़पेती शामिल हैं। सभी ट्रैक्टरों को थाना लांजी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। भानेश साकुरे / 05 अप्रैल 2026