पटना, (ईएमएस)। बिहार की राजधानी पटना में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खबर है कि बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और पटना जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, दिनांक 04/05 अप्रैल की रात में संयुक्त छापेमारी के दौरान चौक पटना क्षेत्र से वांछित अपराधी सूरज कुमार उर्फ सूरज राय उर्फ भैंसिया को दबोच लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश कई थाना क्षेत्रों में की जा रही थी। सूरज कुमार पर पटना जिले के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे की उम्मीद है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। इस कार्रवाई को पटना पुलिस और एसटीएफ की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। संतोष झा-०५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस