राज्य
05-Apr-2026


:: सुनसान मैदान में कार की हलचल ने खोला राज; सफेद वर्ना के सीक्रेट बॉक्स से 24 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद :: इन्दौर (ईएमएस)। इन्दौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक हाई-प्रोफाइल ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक सफेद रंग की लग्जरी कार से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स की खेप जब्त की है। इस मामले में तीन युवकों के साथ एक महिला को भी हिरासत में लिया गया है, जो शहर के नामचीन इवेंट्स और कार्यक्रमों के आयोजन से जुड़ी है। पुलिस को संदेह है कि इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में रसूखदार पार्टियों में नशा परोसने का एक बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है। क्राइम ब्रांच की टीम को गश्त के दौरान मंगल परिसर गार्डन के पीछे, कनकेश्वरी खाली मैदान के समीप एक संदिग्ध सफेद वर्ना कार खड़ी दिखाई दी। सुनसान इलाके में कार की मौजूदगी और सवार लोगों की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस ने तत्काल दबिश दी। प्रारंभिक पूछताछ में कार में सवार एक महिला और तीन पुरुष घबरा गए और विरोधाभासी जवाब देने लगे। संदेह गहराने पर जब वाहन की सूक्ष्मता से तलाशी ली गई, तो कार की दाईं ओर सीलिंग में बने एक विशेष गुप्त बॉक्स से 24.08 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली एमडी ड्रग्स बरामद हुई। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ड्रग्स के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिजवान खोकर, फैजान मंसूरी, समीर लकारा (तीनों निवासी रतलाम) और काजल उपाध्याय (निवासी इन्दौर) के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी रिजवान पर पूर्व में भी रतलाम में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। :: इवेंट्स की आड़ में सप्लाई चेन की पड़ताल :: पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रतलाम से कम दाम पर ड्रग्स खरीदकर इन्दौर के युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इस बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है कि क्या महिला आरोपी इवेंट मैनेजमेंट के बहाने हाई-प्रोफाइल पार्टियों में नशीले पदार्थों की सुरक्षित आपूर्ति करती थी। चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं ताकि इस काले कारोबार के मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके। प्रकाश/5 अप्रैल 2025