-अमेरिकी राष्ट्रपति की व्यक्तित्व शैली और नेतृत्व व्यवहार को लेकर बहस छिड़ी वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रेप की व्यक्तित्व शैली और नेतृत्व व्यवहार को लेकर बहस छिड़ गई है। हाल के वर्षों में उनके फैसलों, सार्वजनिक बयानों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के तौर-तरीकों ने उन्हें एक ऐसे नेता बना दिया है, जिनके साथ संबंध-चाहे दोस्ती हो या दुश्मनी—दोनों ही असहज और जटिल माने जाते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप की कार्यशैली में “व्यक्ति केंद्रित सत्ता” का प्रभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। एक रियलिटी शो से लोकप्रिय हुआ उनका प्रसिद्ध वाक्य “ यू आर फ्रिड” केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके प्रशासनिक फैसलों में भी झलकता रहा। राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई वरिष्ठ अधिकारियों जिनमें एफबीआई के निदेशक से लेकर रक्षा और विदेश नीति से जुड़े पदाधिकारी शामिल थे उनको अचानक पद से हटा दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक ट्रंप की नेतृत्व शैली में आलोचना के प्रति असहिष्णुता और प्रशंसा की अपेक्षा प्रमुख तत्व हैं। यही कारण है कि वे अक्सर अपने समर्थकों के बीच अधिक सहज दिखाई देते हैं, जबकि स्वतंत्र राय रखने वाले सहयोगियों के साथ उनके संबंध लंबे समय तक टिक नहीं पाते। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनकी शैली विवादों में रही। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी जैसे नेताओं के साथ उनके संबंधों में सार्वजनिक प्रशंसा और नीतिगत कठोरता का मिश्रण देखने को मिला। उदाहरण के तौर पर जहां उन्होंने मोदी को “महान मित्र” बताया, वहीं भारत पर टैरिफ लगाने जैसे फैसले भी लिए। इतिहासकारों को हैनरी किसिंगर का प्रसिद्ध कथन याद आता है कि “अमेरिका का दुश्मन होना खतरनाक, और दोस्त होना घातक हो सकता है।” कई विश्लेषक मानते हैं कि यह कथन आज के संदर्भ में ट्रंप की राजनीति पर भी लागू होता है। ट्रंप की छवि का एक अहम पहलू यह भी है कि वे विवादों के बावजूद अपने समर्थकों के बीच मजबूत पकड़ बनाए रखते हैं। आलोचनाओं, जांचों और महाभियोग जैसी घटनाओं के बाद भी उनकी लोकप्रियता पर अपेक्षित असर नहीं पड़ा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक उन्होंने एक ऐसा नैरेटिव विकसित कर लिया है जिसमें हर आरोप को “राजनीतिक साजिश” के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। समग्र रूप से ट्रंप का व्यक्तित्व पारंपरिक राजनीतिक मानकों से अलग दिखाई देता है। उनकी शैली में आक्रामकता, आत्मविश्वास और विवादों का मिश्रण है, जो उन्हें वैश्विक राजनीति में एक अलग और बहस योग्य व्यक्तित्व बनाता है। सिराज/ईएमएस 06 अप्रैल 2026