अंतर्राष्ट्रीय
06-Apr-2026
...


ब्यूनस आयर्स (ईएमएस)। अर्जेंटीना के दक्षिणी छोर पर बसा शहर उशुआइया को अक्सर “दुनिया का आखिरी शहर” कहा जाता है। दक्षिण अमेरिका का अंतिम सिरा माने जाने वाले इस शहर को स्पेनिश में ‘फिन डेल मुंडो’ यानी दुनिया का अंत कहा जाता है। यहां पहुंचने पर ऐसा महसूस होता है मानो आप सभ्यता की सीमाओं को पार कर किसी नई दुनिया में प्रवेश कर गए हों, जहां आगे सिर्फ प्रकृति का साम्राज्य और सन्नाटा है। यह टिएरा डेल फ्यूगो प्रांत की राजधानी है और अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इस शहर के आगे इंसानी बस्तियां लगभग खत्म हो जाती हैं और दूर-दूर तक सिर्फ सुनसान द्वीप और बर्फीले इलाके नजर आते हैं, जो इसे और भी रहस्यमयी बनाते हैं। उशुआइया की खूबसूरती का एक और पहलू इसकी प्राकृतिक बनावट है। एक ओर ऊंचे पहाड़ इसे घेरते हैं, तो दूसरी तरफ बीगल चैनल का ठंडा और शांत पानी इसकी सीमा बनाता है। इस शहर से अंटार्कटिका की दूरी लगभग 1000 किलोमीटर ही रह जाती है, यही वजह है कि इसे अंटार्कटिका का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। यहां से आगे बढ़ते ही मानव जीवन का असर कम होता जाता है और प्रकृति का निर्जन रूप सामने आने लगता है। भले ही यह दुनिया के छोर पर बसा शहर हो, लेकिन यहां की संस्कृति काफी जीवंत है। चूंकि यह अर्जेंटीना का हिस्सा है, इसलिए यहां की आधिकारिक भाषा स्पेनिश है। हालांकि, दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों के कारण अंग्रेजी भी यहां आम तौर पर बोली और समझी जाती है। यह मिश्रण यात्रियों के लिए इस अनोखी जगह को समझना और अनुभव करना आसान बना देता है। शहर की घुमावदार सड़कें, रंग-बिरंगे घर और सामने फैला नीला समुद्र मिलकर ऐसा दृश्य प्रस्तुत करते हैं, जो किसी पोस्टकार्ड जैसा लगता है। हालांकि यहां का मौसम काफी ठंडा और कभी-कभी कठोर भी होता है, फिर भी यहां खड़े होकर समंदर और बर्फीले विस्तार को निहारना एक अद्भुत अनुभव देता है। जो लोग भीड़-भाड़ से दूर, प्रकृति के असली और अनछुए रूप को महसूस करना चाहते हैं, उनके लिए उशुआइया किसी सपने से कम नहीं है। सुदामा/ईएमएस 06 अप्रैल 2026