नई दिल्ली(ईएमएस)। पश्चिम एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच मध्यस्थता करने के पाकिस्तान के दावों को तेहरान ने सिरे से खारिज कर दिया है। भारत में मौजूद ईरान के सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान के जरिए अमेरिका से कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने इन दावों को कोरी अफवाह करार देते हुए कहा कि जो देश मध्यस्थता का दावा कर रहे हैं, वे केवल दिखावा कर रहे हैं और यह सब तेल की कीमतों का खेल है। इलाही ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप लोगों के बीच भ्रम फैलाने के लिए अपनी जीत के झूठे दावे कर रहे हैं। अमेरिका ने शुरुआत में दावा किया था कि वह तीन दिनों में ईरान को खत्म कर देगा, लेकिन युद्ध एक महीने से अधिक समय से जारी है और ईरान मजबूती से जवाब दे रहा है। ईरानी प्रतिनिधि के अनुसार, अमेरिका और इजरायल के साथ किसी भी गंभीर बातचीत की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने के लिए ट्रंप द्वारा दी गई धमकी पर ईरान ने सख्त रुख अपनाया है। ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने संकेत दिया कि यदि भविष्य में इस जलमार्ग को खोला भी जाता है, तो वहां से गुजरने वाले जहाजों से भारी-भरकम टोल शुल्क वसूला जाएगा। इस राजस्व का उपयोग युद्ध में ईरान को हुए नुकसान की भरपाई के लिए किया जाएगा। ईरानी अधिकारियों ने डोनाल्ड ट्रंप को एक हताश और गुस्से से भरा राष्ट्रपति बताते हुए कहा कि उनके बयानों का कोई ठोस आधार नहीं है।दूसरी ओर, डोनाल्ड ट्रंप ने फॉक्स न्यूज को दिए साक्षात्कार में दावा किया है कि ईरान के साथ समझौते की अच्छी संभावना बन रही है। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि जल्द ही डील नहीं होती है, तो वे ईरान के तेल संसाधनों पर कब्जा कर लेंगे। इसी कूटनीतिक हलचल के बीच, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर चर्चा की है। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर इस वार्ता की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत बातचीत हुई है। ईरानी दूतावास के अनुसार, दोनों नेताओं ने न केवल क्षेत्रीय संघर्ष बल्कि द्विपक्षीय संबंधों के भविष्य पर भी विचार-विमर्श किया। भारत इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है क्योंकि यह तनाव वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को सीधे प्रभावित कर रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/06अप्रैल2026