इन्दौर (ईएमएस) शहर में स्वच्छता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे “घर की सफाई -3 आर कलेक्शन ड्राइव” अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशन में संचालित इस अभियान के अंतर्गत शहरभर से 57 हजार किलोग्राम से अधिक अनुपयोगी सामग्री एकत्रित की गई। संग्रहित सामग्री में कपड़े, किताबें, खिलौने, साइकिल, खेल सामग्री एवं इलेक्ट्रिक सामान शामिल हैं, जिन्हें रियूज के माध्यम से जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी के साथ “बस्ती बेमिसाल अभियान” के अंतर्गत शहर की 29 से अधिक स्लम बस्तियों में स्वच्छता गतिविधियों के साथ “स्लम कार्निवल” का आयोजन भी किया जा रहा है। अभियान के तहत आज जोन 18 के वार्ड 51 स्थित शिवनगर स्लम बस्ती से सामग्री वितरण की शुरुआत की गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल, मृदुल अग्रवाल एवं अपर आयुक्त प्रखर सिंह की उपस्थिति में जरूरतमंद नागरिकों को सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के दौरान शिवनगर क्षेत्र में नागरिकों ने रंगोली बनाकर अतिथियों का स्वागत किया, जिससे न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी, बल्कि सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक सहयोग की भावना भी मजबूत हुई। - आनंद पुरोहित/ 06 अप्रैल 2026