बिलासपुर (ईएमएस)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार संगठन द्वारा महान सेनानी स्व. रामगोपाल तिवारी की 129वीं जयंती पर भावपूर्ण स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रविवार प्रात: 10 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं सेनानी परिवारों ने सहभागिता कर देशभक्ति की विरासत को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं सेनानियों के चित्रों पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। योगाचार्य एवं समाजसेवक अनिल तिवारी ने तिवारी जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे महात्मा गांधी से प्रेरित होकर स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े थे। उनके प्रयासों से गांधीजी का बिलासपुर आगमन हुआ, जहां महिलाओं ने अभूतपूर्व रूप से अपने आभूषण दान कर देशभक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया। चन्द्र प्रकाश बाजपेयी ने बताया कि 1942 के आंदोलन के दौरान तिवारी जी को दो बार पाँच-पाँच वर्ष की कठोर सजा दी गई। वहीं श्रीमती सोनम मनीष साहू ने अपने बाबा ससुर स्व. शिव प्रसाद साहू के योगदान को याद करते हुए कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हर आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई। सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लें युवा संस्था की अध्यक्ष डॉ. शकुंतला जितपुरे ने स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटनाओं के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए युवाओं को सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बाबा राव, इंदर टहलियानी, उषा किरण बाजपेयी, डॉ. शिवनाथ श्रीवास सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। अंत में डॉ. आशुतोष तिवारी ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सेनानी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। - मनोज राज/06 अप्रैल 2026