राज्य
06-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। पूर्वी दिल्ली पुलिस की एएसबी सेल ने ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत पैरोल पर बाहर आए एक शातिर चोर दीप सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी है। पूर्वी जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए पैरोल पर बाहर आए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें से दो इसी मामले से संबंधित हैं। पुलिस के अनुसार, पांच अप्रैल 2026 को कल्याणपुरी निवासी राजू ने अपने घर में रात के समय चोरी होने की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके घर से एक ओप्पो और एक आईफोन मोबाइल चोरी हो गया है। इस पर थाना कल्याणपुरी में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान एएसबी सेल की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपित का आंशिक चेहरा सामने आया, जिसके आधार पर स्थानीय मुखबिरों की मदद से उसकी पहचान की गई। पुख्ता सूचना पर पुलिस ने कल्याणपुरी में छापेमारी कर आरोपित दीप सिंह उर्फ दीपक उर्फ दीपला (36) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार आरोपित 12 अप्रैल 2026 तक पैरोल पर बाहर था और थाना कल्याणपुरी का घोषित बदमाश (बीसी) है। उसके खिलाफ जबरन वसूली, स्नैचिंग, लूट, चोरी और हत्या के प्रयास समेत 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित नशे का आदी है और स्मैक व गांजा की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात करता था। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/06/अप्रैल /2026