जबलपुर,(ईएमएस)। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के आगामी चुनाव 12 मई को आयोजित किए जाएंगे। इस बार चुनाव प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। कुल 25 पदों में से 7 पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं, जिससे बार परिषद में महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। यह निर्णय न्यायालय के निर्देशों और महिलाओं को नेतृत्व में समान अवसर देने की दिशा में उठाया गया अहम कदम माना जा रहा है। आरक्षण लागू होने से महिला वकीलों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से बार काउंसिल में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की मांग की जा रही थी। अब इस व्यवस्था के लागू होने से निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भूमिका बढ़ेगी और उनकी आवाज को मजबूती मिलेगी। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच तैयारियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पैनल और उम्मीदवार अपने समर्थन के लिए संपर्क अभियान चला रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक साबित होगा। नंदिनी परसाई/ 6 अप्रैल 2026