- 8 महिलाओं की हड्डियां टूटीं, कारखाना संचालक ने छुपाई घटना अस्पताल से पुलिस को दी सूचना इन्दौर (ईएमएस) एक सनसनीखेज घटनाक्रम के चलते कारखाने की लिफ्ट टूटने से 12 लोग घायल हो गए कारखाना संचालक ने घायलों को बगैर पुलिस को सूचना दिए गुपचाप तरीके से निजी अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन अस्पताल से पुलिस को सूचना दे दी गई। मामला चंदन नगर थाना क्षेत्र के बांक में स्थित चूल्हा भट्टी कारखाने का है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कारखाने और घटनास्थल की विडियो ग्राफी कराते प्रारंभिक जांच कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार घटना थाना क्षेत्र के राजकुमार (बांक) में स्थित बबलू उर्फ मोहम्मद शरीफ पुत्र मोहम्मद जमील के चूल्हा भट्टी कारखाने की है। जहां लिफ्ट ओवरलोड होने के बाद टूट गई और करीब बारह लोग घायल हो गए जिनमें से आठ महिलाओं की हड्डियां टूटने और फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में बताया जा रहा है कि कारखाना संचालक बबलू के भाई मोहम्मद खलील की बेटी आयशा की शादी का कार्यक्रम था ओ छुट्टी के चलते कारखाने में ही मेहमान और दुल्हन को ठहरा दिया था जिसमे दुल्हन दूसरी मंजिल पर रुकी हुई थी। महिलाएं दुल्हन से मिलने गई थीं। लौटने के दौरान करीब 12 लोग लिफ्ट में बैठ गए जिससे ओवरलोड हो लिफ्ट टूटी और सभी दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दर्द से कराहती महिलाएं फंसी रह गईं। महिलाओं को मुश्किल से निकाला गया और निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। थाने से सूचना के बाद एएसआइ रमेश सोलंकी को मौके पर भेजा गया उनके अनुसार आशमा बी पति मोहम्मद शरीफ निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, आशमा पति इशरार अहमद निवासी नूरानी नगर सहित शहनाज बी, नजमा बी, 12 वर्षीय मंतेश, अर्शील, जैनब, अफसाना, निखित फातिमा, नूरैन और अमीरा घायल हो गईं। मामले में थाना प्रभारी तिलक करोले के अनुसार प्रथम दृष्टया कारखाना संचालक की लापरवाही सामने आई है। बबलू ने कारखाने में लिफ्ट गैस भट्टी का सामान ले जाने के लिए बनवाई थी। उसका व्यावसायिक उपयोग होता था। कारखाने में शादी कार्यक्रम रखा गया और महिलाओं को बैठाया गया था। घायल फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। बबलू ने घटना छुपाने की कोशिश की। उसने घायलों को अस्पताल पहुंचा डाक्टरों को हकीकत नहीं बताई और परिवार के सदस्य बताया जिस पर अस्पताल कर्मियों ने पुलिस केस बता थाने में सूचना दी जिसके बाद थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी कर जांच कार्रवाई शुरू की है। आनंद पुरोहित/ 06 अप्रैल 2026