06-Apr-2026


* युवाओं के रोजगार, वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और शहर के विकास पर फोकस; आप पर भाजपा की ‘बी टीम’ होने का आरोप सूरत (ईएमएस)| गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों का माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को देखते हुए सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं। इसी कड़ी में सूरत कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। सूरत शहर कांग्रेस समिति द्वारा जारी इस घोषणा पत्र में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। कांग्रेस ने वादा किया है कि यदि संपत्ति महिलाओं के नाम पर होगी तो प्रॉपर्टी टैक्स में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित डे-केयर (घोड़ियाघर) सुविधाएं विकसित करने की योजना भी शामिल है। महिलाओं को इलेक्ट्रिक मोपेड खरीदने पर टैक्स में राहत देने की घोषणा भी की गई है, जिससे प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा मिले। वरिष्ठ नागरिकों के लिए “वडील वंदना योजना” लाने का वादा किया गया है, जिसके तहत उन्हें मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सामाजिक न्याय को ध्यान में रखते हुए अदालतों में लंबित मामलों के समाधान के लिए विशेष सोशल वेलफेयर स्कीम लागू करने की बात भी कही गई है। युवाओं को रोजगार देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, वहीं शिक्षा क्षेत्र में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक लाइब्रेरी विकसित करने का वादा किया गया है। छात्रों को रहने और पढ़ाई के खर्च में भी राहत देने की बात कही गई है। शहर के विकास के लिए लंबे फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और वैज्ञानिक तरीके से वेस्ट मैनेजमेंट लागू करने पर जोर दिया गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि टोल टैक्स तो वसूला जा रहा है, लेकिन सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। साथ ही जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विशेष सुविधाएं देने का भी वादा किया गया है। कांग्रेस ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के नाम पर बड़े भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे बीजेपी की ‘बी टीम’ बताया और कहा कि वह केवल बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस का कहना है कि लंबे समय से सत्ता में रही सरकार जनता की समस्याएं हल करने में विफल रही है, इसलिए अब बदलाव जरूरी हो गया है। सतीश/06 अप्रैल