क्षेत्रीय
06-Apr-2026
...


- बंगले के परिसर में बने स्टोर रूम से ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड उड़ाए भोपाल(ईएमएस)। मध्यप्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले को बैखौफ चोरो ने अपना निशाना बनाते हुए परिसर में बने स्टोर रुम का ताला चटका दिया। बदमाश स्टोर रुम में रखे खेल मंत्री को उपहार में मिले स्मृति चिन्ह समेत अन्य सामान बटोर कर चंपत हो गए। वारदात 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात की है, इसका खुलासा 6 अप्रैल की सुबह हुआ है। मामले में टीटी नगर थाना पुलिस ने गुपचुप मामला कायम कर जॉच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार खेल मंत्री के पीए वरुण सक्सेना पिता स्वर्गीय महेंद्र कुमार सक्सेना (38) ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया की वे शाहपुरा स्थित अपेक्स बैंक कॉलोनी में रहते है, और मूलतः अपेक्स बैंक में सामान्य सहायक के पद पर तैनात हैं। वहां से प्रतिनियुक्ति में वे खेल मंत्री के बंगले में अटैच हैं। वरुण सक्सेना ने पुलिस को आगे बताया की मंत्री को मिले उपहार और स्मृति चिन्ह को बंगले के परिसर में बने स्टोर रुम में रखा गया था। यह कमरा आनंद विहार स्कूल की तरफ है, और पिछले हिस्से में गुजराती समाज का मांगलिक भवन है। 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात को अज्ञात चोर स्टोर रुम का ताला तोड़कर यहॉ रखी ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड उड़ा ले गए हैं। अगली सुबह स्टोर रूम का ताला टूटा नजर आने पर सिक्योरिटी गार्ड ने देखा तो सामान गायब था। पुलिस जॉच में सामने आया की जिस स्टोर रूम में चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। आरोपियो का सुराग जुटाने के लिये पुलिस आसपास के रास्तो और मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अफसरो का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। जुनेद / 6 अप्रैल