- मकान निर्माण की परमिशन के मांगी थी 25 हजार की रिश्वत भोपाल(ईएमएस)। ईओडब्लयू इंदौर टीम ने मकान निर्माण की परमिशन के लिये गरीब किसान से 25 हजार की रिश्वत की मांग करने वाले तहसील सांवेर में पंचायत सचिव को रंगे हाथों दबोचा है। विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार फरियादी मोहित ने एसपी, ईओडब्लयू लिखित शिकायत करते हुए बताया था की वह गरीब परिवार से है, उसके पिता ने मजदूरी करके 400 स्कवायर फीट का ईडब्लयूएस प्लॉट ग्राम बजरंग पालिया में डॉल्फिन सिटी में खरीदा था। उस प्लॉट पर मकान बनाने के लिये उसने जिला पंचायत इंदौर में आवेदन दिया था। यह आवेदन फॉरवर्ड होकर सचिव के पास पहुंचा था। इसके बाद जब उसने पंचायत सचिव अशोक सोलंकी तहसील सांवेर, जिला इंदौर से संपर्क किया तब वह ईडब्ल्यूएस प्लॉट पर मकान निर्माण की परमिशन देने के ऐवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग रहा है। आवेदन की जॉच कराये जाने पर आरोपी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद टीम ने आरोपी को रंगे हाथ दबोचने के लिये योजना बनाते हुए विशेष टीम बनाई। प्लानिंग के मुताबिक ईओडब्लयू टीम ने फरियादी मोहित को रिश्वत की रकम की पहली किस्त के रुप में 8 हजार रुपये देकर आरोपी को देने के लिये भेजा। अरोपी नें रिश्वत के 8 हजार रुपये फरियादी से लिये इसके बाद फरियादी द्वारा पूर्व से तय किया गया इशारा वहॉ पहले से घात लगाकर बैठी ईओडब्लयू टीम को किया गया। संकेत मिलते ही टीम ने अरोपी पंचायत सचिव अशोक सोलंकी रंगे हाथों धर दबोचा है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओ के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। ट्रैप टीम में डीएसपी, 5 निरीक्षक सहित 7 अन्य सदस्य शामिल रहे। अधिकारियो का कहना है की आरोपी द्वारा ली जा रही रिश्वत में अन्य किन-किन अधिकारियों की भूमिका है, इसकी भी जांच की जाएगी। जुनेद / 6 अप्रैल