अंतर्राष्ट्रीय
06-Apr-2026


तेहरान,(ईएमएस)। ईरान की ओर से जारी आधिकारिक बयान में बताया गया हैं कि अमेरिका और इजरायल की ओर से किए गये एक हवाई हमले में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के इंटेलिजेंस चीफ मेजर जनरल सैयद माजिद खादेमी मारे गए हैं। आईआरजीसी ने कहा कि सुबह तड़के हुए एक हमले में खादेमी की मौत हो गई। बयान में यह नहीं बताया गया कि उनकी मौत कहां हुई। ईरान के आधिकारिक बयान में कहा कि जनरल खादेमी ने करीब 50 वर्षों तक सेवा की थी और इंटेलिजेंस और सुरक्षा सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। ईरान में दुश्मनों की घुसपैठ को रोकने और शासन की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करने के प्रयासों से निपटने में उनकी अहम भूमिका थी। खादेमी ईरान के उन हाई-रैंकिंग अधिकारियों में सबसे नए हैं जिनकी हत्या की गई है। पिछले महीने, इजरायल ने दो दिनों के भीतर ही ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी, जिन्हें दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद देश का सबसे शक्तिशाली व्यक्ति माना जाता था उन्हें और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब को निशाना बनाया था। वे पिछले साल जून में ही आईआरजीसी के खुफिया सेवा के प्रमुख नियुक्त किए गये थे। 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे। इन हमलों में उन्होंने ईरान के कई शीर्ष अधिकारियों को मार गिराया है। जिसमें आईआरजीसी प्रमुख मोहम्मद पाकपुर, बासिज बल के प्रमुख गुलामरेज़ा सुलेमानी और रक्षा मंत्री अजीज नासिरज़ादेह शामिल हैं। आशीष दुबे / 06 अप्रैल 2026