व्यापार
06-Apr-2026
...


सेंसेक्स 787, निफ्टी 255 अंक बढ़ा मुंबई (ईएमएस । भारतीय शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ। सप्ताह के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर के बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी रहने से आया है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक उछलकर 74,106.85 और 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 255.15 अंक बढ़कर 22,968.25 पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान अधिकतर सूचकांक लाभ के साथ ही ऊपर आये। निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स , निफ्टी फाइनेंशियल सर्विस , निफ्टी पीएसयू , निफ्टी रियल्टी , निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी सर्विसेज तेजी के साथ बंद हुआ। वहीं केवल निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी मीडिया ही नीचे आये हैं। आज लार्जकैप के साथ ही मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 815.60 अंक बढ़कर 54,492.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 202.55 अंक ऊपर आकर 15,853.05 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में ट्रेंट, एक्सिस बैंक, टाइटन, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, इंडिगो,एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व,पावर ग्रिड, एनटीपीसी, बीईएल, एसबीआई,आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील, टीसीएस और एचयूएल के शेयर लाभ में रहे जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा के शेयरों को नुकसान हुआ। बाजार में तेजी आने का कारण रुपए में बढ़त और ईरान-अमेरिका के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों को बताया जा रहा है। जिससे बाजार को बल मिला हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बाजार पर अंकुश बना रहा। इससे पहले आज सुबह बाजार सपाट शुरुआत के बाद नीचे आ गया। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों पर दबाव आया। सेंसेक्स हल्की गिरावट के साथ 73,477 अंक पर खुला, इसी तरह ‎निफ्टी भी सपाट रुख के साथ 22,780 पर खुला पर जल्द ही इसमें भी गिरावट रही। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 74.10 अंक फिसलकर 22,639 के स्तर पर आ गया। बाजार में इस कमजोरी की प्रमुख वजह वैश्विक अनिश्चितता रही। ईएमएस 06 अप्रैल 2026