केन्द्रीय मंत्री ने कलेक्टर को लगाई फटकार, आवेदनों को थैले में लापरवाही से रखने पर हुए नाराज अशोकनगर (ईएमएस)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को अशोकनगर के ईसागढ़ में जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर साकेत मालवीय को फटकार लगाई। यह घटना आवेदनों को लापरवाही से रखने के मामले में हुई। जनपद पंचायत ईसागढ़ में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब जनता द्वारा दिए गए आवेदनों को समेटा जा रहा था, तब कलेक्टर साकेत मालवीय उन्हें एक थैले में बेतरतीब और अव्यवस्थित तरीके से रख रहे थे। यह देखकर केंद्रीय मंत्री सिंधिया तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने सबके सामने कलेक्टर को फटकार लगाते हुए कहा, ये कागज नहीं, ये लोगों की उम्मीदें हैं... हमारे लिए सोने के समान हैं। उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता से संभालना प्रशासन की जिम्मेदारी है। सिंधिया ने जोर देकर कहा कि आवेदन केवल फाइलों का हिस्सा नहीं होते, बल्कि किसी की पीड़ा, संघर्ष और उम्मीद की कहानी होते हैं। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे के साथ लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, उसी गंभीरता से उन पर काम होना चाहिए। आवेदनों को लापरवाही से रखना लोगों की भावनाओं को नजरअंदाज करने जैसा है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 06 अप्रैल 2026