* 7 अप्रैल को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से मावठा, मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में कड़ाके की गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर बड़ा बदलाव लेने जा रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से दो नई मौसम प्रणालियां सक्रिय हो गई हैं, जिसके चलते मौसम विभाग ने 7 अप्रैल को राज्य के करीब 18 जिलों में बेमौसम बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है। हवा की गति लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए अगले दो दिनों के लिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की विशेष चेतावनी जारी की गई है। 7 अप्रैल को जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, उनमें कच्छ, बनासकांठा, पाटण, मेहसाणा, साबरकांठा, अरवल्ली, महिसागर, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटाउदेपुर, भरूच, नर्मदा, सुरेंद्रनगर, मोरबी, राजकोट, जामनगर और द्वारका शामिल हैं। वहीं तापमान की बात करें तो बादलों की मौजूदगी के बावजूद गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। अहमदाबाद में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजकोट में 36.3 डिग्री और गांधीनगर में 34.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस और बफारे से काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सतीश/06 अप्रैल