क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


भोपाल (ईएमएस)। सीहोर वन मंडल के वन सुरक्षा श्रमिक, चौकीदारों को पिछले 5 माह से नौकरशाही की गलत नीतियों के कारण वेतन भुगतान नही किया गया है। इस कारण वन सुरक्षा श्रमिकों के परिवार परेशान हैं। मप्र कर्मचारी मंच वन विभाग के प्रतिनिधियों ने मुख्य वन संरक्षक भोपाल वृत दीक्षित कुमार एवं वन मंडल अधिकारी सामान्य सीहोर अर्चना पटेल से ज्ञापन के माध्यम से 20 दिन पूर्व मांग की थी कि एक सप्ताह में वेतन भुगतान किया जाए, लेकिन मांगों को प्रमुखता से नहीं लिया है। इस कारण वन सुरक्षा श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। वन श्रमिकों के प्रतिनिधि हेमेंद्र सिं लाल मियां, कमल सिंह नागर, कमलेश जाटव, रूप सिंह, अर्जुन सिंह, बलवान, राम नारायण आदि ने बताया है कि वेतन भुगतान न होने के कारण बच्चों का स्कूल से नाम काटा जा रहा है। किराने वाले उधार देने से मन कर रहे हैं। दूध वाले ने दूध देना बंद कर दिया है। जीवन यापन करना कठिन हो गया है। यदि शीघ्र ही वेतन भुगतान की व्यवस्था वन मुख्यालय द्वारा नहीं की गई तो वन सुरक्षा श्रमिकों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी वन विभाग की नौकरशाही की होगी। विनोद / 07 अप्रैल 26