मीरजापुर (ईएमएस) जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के साथ लालगंज विकासखंड में नवनिर्मित विंध्य मार्ट और ब्लॉक सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। उद्घाटन से पूर्व विधिवत पूजन कराया गया। विंध्य मार्ट में 12 ब्लॉकों के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए 35 प्रकार के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने एक-एक उत्पाद का निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयास की सराहना करते हुए उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने कहा कि मार्ट की स्थापना का उद्देश्य समूह की महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। यह पहल स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मतदाता पुनरीक्षण कर्मियों में सिंटू, सफाई कर्मियों गौरीशंकर पांडे, रमेश, ओमप्रकाश और विंध्य मार्ट निर्माण में सहयोग देने वाले ग्राम प्रधान विजय कुमार गुप्ता और ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र को सम्मानित किया गया। इसके अलावा बैंक सखी, स्वास्थ्य सखी, आजीविका सखी और विद्युत सखी में सुनीता, साधना, आरती, गीता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।खंड विकास अधिकारी अंशुल हिंदल ने विंध्य मार्ट की स्थापना और संचालन से संबंधित जानकारी दी। इस मौके पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी अमर बहादुर, एडीओ पंचायत अजय शंकर, एडीओ ग्राम विकास श्याम कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पूजन कार्यक्रम पंडित विश्वनाथ उर्फ तोता पंडित ने मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया। शशि भूषण दूबे कंचनीय रोमेश रंजन दूबे, ०७ अप्रैल २०२६