क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


दुर्ग (ईएमएस)। जिले के ग्राम करसा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बीते 20 दिनों से एचपी गैस सिलेंडर की बुकिंग के बावजूद डिलीवरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायत करने और लंबा इंतजार करने के बावजूद उन्हें समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे रोजमर्रा के कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। खासकर महिलाओं को खाना बनाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की और गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर विरोध जताया। इस दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026