जबलपुर, (ईएमएस)। गोहलपुर और कुंडम में दो सड़क दुर्घटना के मामलें प्रकाश में आए हैं| गोहलपुर में एक बस ने एक स्कूटी में टक्कर मार दी वहीं कुंडम डेहरीकला में एक कार ने एक बाईक में टक्कर मार दी| इस घटना में एक महिला व दो युवक घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है| गोहलपुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार रेतनाका गौरीघाट निवासी पीएनबी बैंक रद्दी चौकी में पदस्थ 54 वर्षीय श्रीमति मधु यादव गत लगभग 8.15 बजे शाखा से अपनी एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 एसएच 5047 से निकलकर चौराहे से गोहलपुर की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंची, तभी अधारताल की ओर से आ रही बस क्रमांक यूपी 22 टी 6193 के चालक ने उसकी एक्टिवा में टक्कर मार दी, जिससे वह स्कूटी सहित नीचे गिरकर घायल हो गई| वहीं बस चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया| पास के एक दुकानदार जुबैर ने उसे उपचार के लिए विधान मल्टी स्पेशलिस्टी में भर्ती कराया। इसी तरह कुंडम में ग्राम बरौदा निवासी 29 वर्षीय मजदूर मुकेश रैकवार अपने रिश्तेदार अशोक रैकवार के साथ गत दिवस रिश्तेदारी में ग्राम पिपरिया खमरिया आए थे| उसके रिश्तेदार राहुल रैकवार एवं डालचंद दूसरी मोटर सायकल से थे और सभी लोग डेहरीकला जा रहे थे| रात लगभग 9.30 बजे जैसे ही डेहरीकला मोड़ के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 सीके 4215 के चालक ने आगे चल रहे राहुल रैकवार की मोटर सायकल में टक्कर मार दी, जिसमें सवार राहुल एवं डालचंद दोनों बाईक सहित नीचे गिर गये और दोनों को हाथ पैर एवं शरीर में चोटें आ गयी। मुकेश और अशोक ने दोनों घायलों को उपचार के लिए जबलपुर भिजवाया है। पुलिस ने आरोपी बस और कार ड्राईवर के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 282, 125(ए) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। सुनील साहू / मोनिका / 07 अप्रैल 2026/ 05.06