रायपुर(ईएमएस)। शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेसियों ने पहाड़ी चौक से पैदल मार्च निकालकर गुढ़ियारी स्थित CSEB कार्यालय का घेराव किया। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पूर्व महापौर एजाज ढेबर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है, खासकर गुढ़ियारी इलाके में रात के समय बिजली बार-बार बंद की जाती है। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में लाइनमैन की व्यवस्था तक नहीं है और मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ध्यान भटकाने की राजनीति की जा रही है। कांग्रेस पार्टी आम जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतर चुकी है और समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग के एसई महेश ठाकुर और ईई रामकुमार साहू मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली कटौती की समस्या दूर की जाएगी और संबंधित ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान पूर्व महापौर एजाज ढेबर, ब्लॉक अध्यक्ष सुधा सरोज, किशन बाजारी, पूर्व पार्षद सुंदर जोगी, रमाकांत शर्मा, अमित काचलवार, विक्की साहू, जितेंद्र साहू, प्रगति वाजपेयी, रशीद खान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026