नई दिल्ली (ईएमएस)। कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में वकील अमन पर उनके ही तीन क्लाइंट्स ने नुकीली वस्तु से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। अन्य वकीलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर हमलावरों को पकड़ा और पुलिस को सौंपा। कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता पर महिला समेत तीन लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता के सिर पर नुकीली वस्तु से वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। उनका हेडगेवार अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपित अधिवक्ता अमन के ही क्लाइंट बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसी विवाद को लेकर आरोपितों ने हमला कर दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य वकीलों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और मौके पर ही तीनों आरोपितों को घेरकर पकड़ लिया। गुस्साए वकीलों ने आरोपितों की पिटाई भी की, जिसके बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल अधिवक्ता अमन को तुरंत हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/07/ अप्रैल /2026