क्षेत्रीय
07-Apr-2026
...


गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के देवभोग क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित बेलाट नाला पर पुलिया निर्माण और झाखरपारा में सहकारी बैंक शाखा खोलने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। विधायक जनक ध्रुव और जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर जाम और धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। विधायक जनक ध्रुव ने दो टूक कहा, ये अभी ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। विधायक ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इस परियोजना के लिए 429 लाख रुपये की मंजूरी दी थी, लेकिन अधिकारियों ने समय पर टेंडर जारी नहीं किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पुराने एसओआर के आधार पर ही टेंडर निकाले जा रहे हैं, जिससे काम में देरी हो रही है। उन्होंने मांग की कि प्राक्कलन को अपडेट कर निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। बेलाट नाला पर पुल नहीं होने से देवभोग मुख्यालय का 36 गांवों से संपर्क प्रभावित होता है। खासकर बारिश के दिनों में आवागमन बाधित हो जाता है और हादसों का खतरा बना रहता है। इस समस्या को लेकर क्षेत्रवासियों में लंबे समय से आक्रोश है। प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)07 अप्रैल 2026