शामली (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश की उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वायड यानी एटीएस ने शामली जिले के कैराना क्षेत्र में मंगलवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब तीन बजे सहारनपुर से आई एटीएस टीम कैराना कोतवाली पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस को साथ लेकर टीम ने नगर के कई मोहल्लों और आसपास के गांवों में दबिश दी। छापेमारी के दौरान एटीएस ने नगर और ग्रामीण क्षेत्र से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद टीम चारों युवकों को अपने साथ ले गई। बताया गया कि एटीएस को कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। चर्चा है कि हिरासत में लिए गए युवकों से नकली करेंसी नेटवर्क या पाकिस्तान से संभावित संपर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मामले में विस्तृत जानकारी होने से इनकार किया है। जितेन्द्र 07 अप्रैल 2026